SHARE  

 
jquery lightbox div contentby VisualLightBox.com v6.1
 
     
             
   

 

 

 

7. अहमदशाह अब्दाली और सिक्ख- 7

इससे सिक्खों की प्रतिष्ठा को चार चाँद लग गए। इस पराजय का समाचार जब तैमूर शाह को प्राप्त हुआ तो उसने खालसा के विरूद्ध 25,000 घुड़सवारों की सेना ख्वाजा उवैद खान के नेतृत्व में भेज दी, किन्तु ख्वाजा सिक्खों के सामने न टिक सका और पराजित होकर अपना सारा तोपखाना गँवाकर लाहौर लौट आया। सन् 1758 ईस्वी के प्रारम्भ में ही चारों तरफ सिक्खों की धाक जम गई और वह समस्त क्षेत्र से लगान वसूलने लगे। अदीना बेग भले ही अपने मुख्य शत्रु तैमूर शाह को पराजित कर चुका था, तब भी उसे भय था कि यदि अहमदशाह दुर्रानी अब्दाली ने स्वयँ आक्रमण कर दिया तो शायद उसके साथी सिक्ख उसका सफलतापूर्वक मुकाबला न कर सकें। इसके अतिरिक्त उसे चिन्ता थी कि सिक्ख आखिर कितनी देर तक उसके युद्धों के भागीदार बनते रहेंगे। सिक्ख भी तो सत्ता के दावेदार हैं। वे तो पहले से ही उस दिन की प्रतीक्षा में है जब वे गुरूजनों के सपनों का अपना राज्य स्थापित कर सकेंगे। दूसरा उसे ज्ञात था कि इस समय खालसा ?चड़दी कला? में है, उनका पँजाब के बहुत बड़े भू-भाग पर कब्जा हो चुका है, अतः उनकी शक्ति दिनों दिन बढ़ती ही जा रही है। अतः वह सिक्खों को भीतर ही भीतर अपना प्रतिद्वन्द्वी मानने लगा था। ऐसी राजनीतिक स्थिति में अदीना बेग ने हरिलाल और सदीक बेग के माध्यम से मराठों से साँठ-गाँठ कर ली। उसने मराठों के कूच के दिन एक लाख रूपये अदा करने और पाँच हजार रूपया विश्राम वाले दिन चुकाने का वचन देकर मराठा सरदार रघुनाथ राव को लाहौर में आमँत्रित कर लिया। यह मराठा सरदार पेशवा वाली जी का भाई था। रघुनाथ राव 9 मार्च, 1758 ईस्वी को सरहिन्द पहुँचा, वहीं अदीना बेग और उसके साथी सिक्ख भी आ मिले। खालसा पहले से ही सरहिन्द के विरूद्ध दाँत पीस रहा था। वे इस नगर को गुरूमारी नगरी, घातक नगर कहते थे, इसलिए उन्होंने अदीना बेग से यह शर्त पक्की कर ली कि सरहिन्द पर पहला हमला सिक्खों का होगा, तद्पश्चात् किसी और का होगा। चौथे आक्रमण से लौटते समय अब्दाली ने अबदुसवइ खान मुहम्मदजई फौजदार को सरहिन्द का अधिकार सौंपा था। जई ने 1758 ईस्वी में ही किलेबन्दी की सुचारू व्यवस्था कर रखी थी।

 

इसके बावजूद वह बहुत दिनों तक घेराव को सहन न कर सका और वह किला खाली करके भाग गया। खालसा सेनाओं ने सबसे पहले सरहिन्द में प्रवेश किया और उस नगर की ईंट से ईंट बजा दी। सरहिन्द में प्रवेश करने में सिक्खों की प्राथमिकता को लेकर मतभेद हो गया। सिक्खों और मराठों में इसी बात पर झड़पें भी हुईं परन्तु शीघ्र ही दोनों पक्षों में संधि हो गई। सरहिन्द को जीतकर मित्र शक्तियाः मराठा, अदीना बेग एवँ खालसा लाहौर नगर की ओर अग्रसर हुई। तैमूर शाह ने इन तीनों शक्तियों से एक साथ निपटने में अपने को असमर्थ महसूस करने लगा। अतः वह समय रहते लाहौर खाली करके काबुल लौट गया। 20 अप्रैल, 1758 ईस्वी को अदीना बेग, रघुनाथ राव और सिक्ख सेनाओं ने सँयुक्त रूप से लाहौर पर अधिकार कर लिया। इस अभियान में सिक्खों की तरफ से भाग लेने वाले थेः सरदार जस्सा सिंघ आहलूवालिया, चढ़त सिंघ, शुकरचकिया, तारा सिंघ गौबा, जस्सा सिंघ रामगढ़िया, हीर सिंघ, झंडा सिंघ इत्यादि। सिक्खों की कुछ सैनिक टुकड़ियाँ भागते हुए अफगानों के पीछे पड़ गईं। उनकी बहुत सी युद्ध सामग्री नियन्त्रण में कर ली और बहुत से अफगान सिपाहियों को बन्दी बना लिया। बाद में इन सैनिकों से श्री दरबार साहिब जी के सरोवर को स्वच्छ करवाया गया, जिसे जहान खान तथा तैमूर ने मलबे से भरवा दिया था। रघुनाथ राव के लिए पँजाब में दीर्घकाल तक टिकना बड़ा कठिन था, उसे जल्दी ही इस बात का ज्ञान हो गया था कि पँजाब में सिक्खों की बढ़ रही शक्ति के सम्मुख स्थायी मराठा राज्य की स्थापना असम्भव सी बात है। सिक्ख अपने गुरूजनों की विचारधारा में सराबोर नए समाज के निर्माण हेतु राजनीतिक बल प्राप्त करने के लिए सत्तर्क होकर खड़े थे। उसे जल्दी ही यह अहसास हो गया कि सिक्खों को यदि मुगल इतनी अधिक यातनाएँ देने के बाद भी निरूत्साहित नहीं कर सके तो वे अब उससे तो कभी भी दबने वाले नहीं हैं। हजारों मील की दूरी से पँजाब में शिविर लगाने वाले मराठे भी पँजाब में स्वतन्त्र रूप में सत्ता सम्भालने के लिए अपने को असमर्थ महसूस कर रहे थे। पूना की सरकार की आर्थिक स्थिति ऐसी न थी कि वह पँजाब से मराठा सेना का भार वहन कर सके।

पँजाब से वह सिक्खों के रहते लगान वसूल नहीं कर सकते थे। इसके अतिरिक्त पँजाब की भीषण गर्मी तथा ठिठुरती सर्दी सहन करने में भी वह अपने को असमर्थ पा रहे थे। अतः रघुनाथ राव ने पचहत्तर हजार वार्षिक लेने का सौदा करके पँजाब अदीना बेग को सौंप दिया। इस प्रकार अदीना बेग का सपना साकार हो गया। अदीना बेग सिक्खों की बढ़ रही शक्ति को अपने मार्ग की सबसे बड़ी बाधा समझता था। वह ?दल खालसा? के सामूहिक जत्थेबंदी के प्रभाव एवँ उसके बल के बारे में भी भली भान्ति परिचित था, इसके अतिरिक्त वह सरदार जस्सा सिंह आहलूवालिया और उसके व्यक्तित्त्व को भी भली भान्ति जानता था परन्तु वह सिक्खों की शक्ति को सदैव के लिए नष्ट करना चाहता था, जिससे वह बेखटक पँजाब पर शासन कर सके। सरदार जस्सा सिंह ने जल्दी ही अदीना बेग की बदनीयती को ताड़ लिया। दूसरी तरफ सिक्ख भी पँजाब में अदीना बेग को अपने पाँव पसारते देखकर प्रसन्न नहीं थे। अतः सिक्खों ने अदीना बेग से दो-दो हाथ कर लेने का निश्चय किया। कादियां न्वार के निकट दोनों पक्षों में भीषण युद्ध हुआ। इस युद्ध में अदीना बेग का दीवान हरीमल मारा गया और आकिलदास भाग खड़ा हुआ। इस प्रकार उनका बहुत सा माल असवाब सिक्खों के हाथ आ गया। ठीक इसी प्रकार सिक्खों ने इन्हीं दिनों मजीठा क्षेत्र में शिविर डाले हुए गुलशेर खान को सम्मिलन शक्ति से मार डाला। यह खान मीर मन्नू की तरह सिक्खों को यातनाएँ देने लगा था। इन्हीं दिनों अदीना बेग को अधरँग का रोग हो गया और वह इसी रोग से 15 दिसम्बर, 1758 को मर गया। अदीना बेग की मौत के बाद लाहौर में स्थित उसके नायब मिर्जा जान खान ने सिक्खों से संधि कर ली। इस संधि को स्वीकार करने के पीछे यह रहस्य छिपा हुआ था कि ?खालसा जी? मालवा और दुआबा क्षेत्रों में आसानी से अपने पैर जमा लें। इस समय मालवा में बाबा आला सिंह जी का बोलबाला था। उसने खालसा दल की सहायता से एक बड़े क्षेत्र पर अधिकार कर लिया था। इसमें सँदेह नहीं कि सन् 1758 ईस्वी के अन्त तक खालसा दल ने महान सफलताएँ प्राप्त कर ली थी किन्तु अभी पश्चिम दिशा में अहमदशाह अब्दाली का खतरा विद्यमान था और दुआबा और मालवा क्षेत्रों में भी पुरानी सरकारों के निष्ठावान सरदार अभी तक सिक्खों के प्रति घृणा और द्वैष रखते थे। ऐसे लोगों में से एक था सदीक बेग।

परन्तु दूसरी ओर सिक्खों की सफलताओं और वीरता के कारनामों को देखकर पँजाब के हिन्दू किसान शीघ्र ही सिक्ख धर्म में सम्मिलित होने लगे। यही नहीं बल्कि पँजाब के मुसलमान किसान भी सिक्ख धर्म के आकर्षण से प्रभावित हुए बिना न रह सके। मुगलों और अफगान शासकों के अत्याचारों के कारण स्वाभिमानी लोग सिक्ख बनकर उनके जत्थों की सहायता से अत्याचारों का बदला लेने में सफल हो जाते थे परन्तु सिक्खों के उदारवादी सिद्धान्त और मानव प्रेम अन्य धर्मावलम्बियों के लिए मुख्य आकर्षण का कारण थे, इसलिए प्रतिदिन सैंकड़ों की सँख्या में लोग सिक्ख धर्म को अपनाते थे और उसी में अपना कल्याण समझने लगे थे। उस समय के इतिहास से पता चलता है कि मुगलों की ओर से सिक्खों पर कोई कम अत्याचार नहीं हुए किन्तु यदि एक दिन सैकड़ों कत्ल होते तो दूसरे दिन हजारों नये सिक्ख आ उपस्थित होते। इस प्रकार यह परवानों का काफिला दुल्हन की तरह मौत को गले लगाने के लिए आपस में होड़ करते दिखाई देते। एक ओर सत्ताधारी शासक उनका विनाश करने पर पूरा बल लगा देते थे परन्तु दूसरी ओर प्रजा में जनसाधारण उनके रिक्त स्थानों को भरने के लिए स्वयँ को परवानों की तरह प्रस्तुत कर रहे थे। सन् 1759 ईस्वी में दल खालसा के नायक सरदार जस्सा सिंह जी ने समस्त पँजाब के भू-भाग को अपनी ?राखी? रक्षा में लेने के लिए कई स्थानीय शासकों से लोहा लिया। उन्होंने पहले सदीक बेग को रणक्षेत्र में नीचा दिखाया तद्पश्चात् दीवान विशम्भर दास तथा राजा भूपचन्द को दो दो हाथ करके पराजित कर दिया। उसके बाद कादियाँ क्षेत्र के मुगलों को नाको चने चबवा दिये। इस प्रकार उन्होंने अपने विरोधियों को धीरे-धीरे समाप्त करके लगभग समस्त पँजाब में छा गए परन्तु अभी लाहौर पर मराठा सरदार साबा जी पाटिल का कब्जा था, तभी अहमदशाह अब्दाली ने भारत पर पाँचवा आक्रमण कर दिया। वास्तव में वह समस्त पँजाब के क्षेत्र को अपने साम्राज्य का भाग मानता था। मराठों द्वारा तैमूर और उसके नायब जहान खान को पँजाब छोड़कर काबुल की ओर भागने पर विवश करना, अहमदशाह के लिए एक असहनीय हानि थी। अतः उसने अपना सम्मान फिर से बहाल करने के लिए लगभग 40,000 सैनिक लेकर मराठों को कुचलने का लक्ष्य लेकर भारत पर हमला कर दिया।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 
     
     
            SHARE  
          
 
     
 

 

     

 

This Web Site Material Use Only Gurbaani Parchaar & Parsaar & This Web Site is Advertistment Free Web Site, So Please Don,t Contact me For Add.