SHARE  

 
jquery lightbox div contentby VisualLightBox.com v6.1
 
     
             
   

 

 

 

4. अहमदशाह अब्दाली और सिक्ख- 4

प्रत्यक्ष को प्रमाण की आवश्यकता नहीं होती। सत्ताधरियों द्वारा सिक्खों पर किए गए अत्याचार और उनको बड़ी यातनाएँ देकर मारने के बावजूद भी उनकी निरन्तर बढ़ रही शक्ति इस बात का सच्चा प्रमाण था। अहमदशाह अब्दाली ने निमन्त्रण प्राप्त करते ही कँधार से प्रस्थान किया, 15 नवम्बर, 1756 को उसने अटक पार किया। 20 नवम्बर, 1756 ईस्वी को वह लाहौर में प्रविष्ट हुआ और 17 जनवरी, 1757 को उसने सतलुज नदी पार कर ली। अभिप्राय यह है कि वह बिना किसी विरोध के लाहौर और दिल्ली का स्वामी बन गया। दिल्ली निवासियों ने तो उसे अतिथि की भान्ति समझा, किन्तु दिल्ली में 28 जनवरी, 1757 को प्रविष्ट होते ही उसने वहाँ से अतुल धन सम्पत्ति प्राप्त करनी शुरू की। मुगलानी बेगम ने सभी छिपे कोषों का भेद बतला दिया था। इस प्रकार दिल्ली के सभी अमीरों-वजीरों की सम्पत्ति लूटी गई। स्वर्गीय शहँशाह मुहम्मदशाह की 16 वर्षीय कन्या से उसने बलात् विवाह कर लिया और आलमगीर द्वितीय की कन्या का विवाह उसने राजकुमार तैमूरशाह से कर दिया।

 

दिल्ली के बाद मथुरा, वृन्दावन और आगरा को लूटा गया और देवी देवताओं की मूर्तियों को गुस्से में चूर-चूर करके गलियों और बाजारों में रौंदा। इस प्रकार सहस्त्रों निर्दोषों की हत्याएँ की गई। अन्त में जब दिल्ली सरकार ने लोगों को बचाने के लिए कोई प्रबन्ध न किया तो प्रकृति ने निःसहायों की सहायता की। वह यह कि अहमदशाह अब्दाली की सेना को यमुना नदी का वह जल पीना पड़ा, जिसमें सैंकड़ों मनुष्यों के शव पड़े हुए सड़ रहे थे और जिनके कारण सारा जल दूषित हो गया था। इस प्रकार उसकी सेना में हैजे की बीमारी फैल गई, जिसके कारण प्रतिदिन लगभग डेढ़ सौ सैनिक मरने लगे। अन्त में अहमदशाह अब्दाली को दिल्ली से लौट जाना पड़ा। लूटी हुई दौलत को 28,000 गधें, खच्चरों और ऊँटों और घोड़ों आदि पर लादा गया। इसके अतिरिक्त 80,000 घुड़सवारों अथवा पैदल सिपाहियों में से हरेक के पास जो खजाने थे, साथ जा रहे थे। यह लूट का माल था। सिक्ख इन सभी घटनाओं को देख रहे थे। जहाँ वे जनता के सँकटों से पीड़ित थे, वहीं स्वाभिमानहीन मुगलों की चुप्पी पर आश्चर्य भी हो रहा था। वे अहमदशाह अब्दाली के मन की भावनाओं को जानते थे, इसलिए उन्होंने यह निश्चय कर लिया था कि वे विदेशी शत्रु के पैर न लगने देंगे।

जिस समय अहमदशाह का बेटा तैमूर शाह आगे के दस्तों के साथ सरहिन्द नगर के निकट पहुँचा तो पटियाला के सरदार आला सिंह तथा अन्य सरदारों ने आक्रमण करके उनका खजाना लूट लिया। दूसरा धावा अवरकोट के समीप हुआ और तैमूर से बहुत सा धन छीन लिया गया। सिक्खों के धड़ाधड़ हमलों के कारण अब्दाली की सेना इतनी भयभीत हुई कि उनके शिविरों में ऐसी झूठी अफवाहों का बाजार गर्म हो गया कि सिक्खों ने तैमूर शाह को बन्दी बनाकर उसकी हत्या कर दी है। तैमूर शाह और जहानखान ने आक्रोश में आकर जालंधर वासी नासर अली खान से सहायता की याचना की और करतारपुर नगर के गुरूद्वारे श्री थम्ह साहिब को धवस्त कर दिया तथा अनेक गायों की हत्या करके उनके रक्त से उसे अपवित्र कर दिया। नगर को लूटा गया और निर्दोष लोगों की हत्या कर दी गई। यह करतारपुर नगर पाँचवें गुरू, श्री गुरू अरजन देव जी का बसाया हुआ है, यहाँ उन दिनों सोढ़ी वडभाग सिंह जी निवास करते थे, जिनके पास आदि श्री गुरू ग्रँथ साहिब जी की मूल प्रति थी, वह उसे समय रहते आदरपूर्वक शिवालिक की पहाड़ियों में सुरक्षित ले जाने में सफल हो गए। करतारपुर का उजड़ापन और पावन गुरूद्वारों का अपमान सिक्खों के लिए असहनीय था। दल खालसा के शिरोमणी नेता सरदार जस्सा सिंघ आहलूवालिया जी ने सिक्ख सरदारों को इन अत्याचारों के विरूद्ध तीव्र कार्यवाही के लिए प्रेरित किया। जब अहमदशाह श्री गोइँदवाल साहिब जी के पँचम नौकास्थल को पार करके फतहाबाद के मार्ग द्वारा लाहौर की ओर मुड़ रहा था, तभी सरदार जस्सा सिंघ आहलूवालिया जी ने उसका पीछा किया। जब भी उसका दाँव लगता था, उसके सैनिकों को मार डालता और माल-असवाब भी लूट लेता। इस प्रकार सरदार जस्सा सिंघ जी ने अहमदशाह दुर्रानी के छक्के छुड़ा दिए। बिखरी हुई सेना को लेकर अहमदशाह लाहौर पहुँचने में सफल हो गया। उसने सिक्खों से बदला लेने के लिए सैनिक टुकड़ियाँ भेजी। जिन्होंने कुछ एक सिक्खों को मार डाला और बहुत सारों को बंदी बना लिया। सारे अमृतसर नगर को शत्रु ने बुरी तरह लूट लिया। वहाँ के बहुत से भवनों को धवस्त कर दिया गया और रामदास सरोवर (पावन अमृतकुँड) का भी अपमान किया गया। इतनी बड़ी हानि के बावजूद भी सिक्खों ने अहमदशाह अब्दाली का पीछा ना छोड़ा। जब वह काबुल लौट रहा था तो सरदार चढ़त सिंह शुकरचकिया ने अपने साथियों सहित उस पर कई बार आक्रमण किए और वे बहुत सा माल असवाब लेकर चम्पत होने में सफल हो जाते। जब अफगान सेनाएँ रात में आराम करने के लिए, साँयकाल में शिविर लगा रही थी तो सरदार चढ़त सिंघ अपने साथियों सहित उन पर टूट पड़ा। वह रात के अंधेरे में कुछ देर तक लड़ता और जो कुछ भी हाथ लगता, उसे लेकर भाग जाते। अहमदशाह की तीव्र इच्छा थी कि सिक्ख उससे प्रत्यक्ष आमने सामने का युद्ध करें, परन्तु चढ़त सिंह ने उसे ऐसा अवसर नहीं दिया और उसे तब तक निरन्तर उल्लू बनाता रहा, जब तक वह सिन्ध नदी को पार नहीं कर गया।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 
     
     
            SHARE  
          
 
     
 

 

     

 

This Web Site Material Use Only Gurbaani Parchaar & Parsaar & This Web Site is Advertistment Free Web Site, So Please Don,t Contact me For Add.